बिहार में कांवड़ यात्रा पर रोक

पटना। बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड ने राज्य के मंदिरों में कांवड़ यात्रा पर रोक लगा दी है। कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर यह रोक लगाई गई है ताकि भीड़ न जमा हो सके। राज्य सरकार ने मंदिरों को खोलने की अनुमति अभी नहीं दी है। मंदिरों में रुद्राभिषेक भी नहीं होगा। मंदिर के पुजारी या महंत केवल नियमित पूजा करेंगे।
बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष अखिलेश कुमार जैन ने कहा कि सावन में राज्य के अधिकांश शिव मंदिरों में कांवड़ यात्रा होती है। इस दौरान मंदिरों में काफी संख्या में लोग शिवलिंग पर जलाभिषेक करने जाते हैं। कई मंदिरों में सावन मेला का भी आयोजन होता है। आम लोगों के लिए सावन में शिव मंदिरों के दरवाजे बंद रहेंगे। राज्य के प्रमुख शिव मंदिरों में मुजफ्फरपुर स्थित गरीबनाथ धाम, दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान, सोनपुर का हरिहर नाथ मंदिर, पटना जिले के बिहटा स्थित बिहटेश्वर नाथ मंदिर, बैकठपुर स्थित बैकुंठनाथ शिव मंदिर में इस वर्ष सावन में कांवड़ यात्रा नहीं होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.