हैट्रिक गर्ल वंदना को सौंपा 10 लाख का चेक

हरिद्वार। एलआइसी आफ इंडिया ने टोक्यो ओलिंपिक में शानदार प्रदर्शन के लिए हैट्रिक गर्ल वंदना कटारिया को सम्मान स्वरूप दस लाख रुपये का चेक और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। देहरादून मंडल के वरिष्ठ मंडल प्रबंधक पुनीत कुमार ने गुरुवार शाम रोशनाबाद स्थित घर पर उन्हें यह सम्मान दिया। वहीं, इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एलआइसी हमेशा खेलों को बढ़ावा देती रही है।
इस वर्ष एलआइसी ने ओलिंपिक खेलों में स्वर्ण,  रजत और कांस्य पदक विजेताओं के साथ ही चौथे स्थान पर रहे खिलाड़ि‍यों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। इस कड़ी में देहरादून मंडल की ओर से वंदना कटारिया को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि पूरी महिला हाकी टीम ने अपने प्रदर्शन से विश्व में भारत का डंका बजा दिया है। वंदना कटारिया तो हैट्रिक गर्ल के रूप में हम सभी के दिलों में बस गई है। इस अवसर पर विपणन प्रबंधक पवन रोर ने कहा कि वंदना कटारिया और पूरी महिला हाकी टीम ने राष्ट्रीय खेल हाकी के प्रति भारतीयों के दिलों में प्रेम और बढ़ा दिया है। इस अवसर पर प्रबंधक विक्रय विनोद थपलियाल, प्रबंधक अरविंद गुप्ता,  हरिद्वार शाखा प्रबंधक वीरेंद्र लाल और राजन श्रीवास्तव,  संत त्यागीए मनीष कौशिक,  संजय कालरा, बीना सती,  आलोक गर्ग, अरविंद कुमार आदि मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.