फ्लोर टेस्ट पास होते ही एक्शन में एकनाथ शिंदे

सरकार ईंधन पर वैट कम करेगी

मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई में बनी नई सरकार ने सोमवार को भारी मतों से फ्लोर टेस्ट पास कर लिया। इसके बाद सीएम शिंदे ने ताबड़तोड़ फैसले लेने शुरू कर दिए। शिंदे ने राज्य विधानसभा में सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ईंधन पर वैट (मूल्य संवर्धित कर) कम करेगी। शिंदे ने कहा कि सरकार के इस कदम से महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल की कीमतें कम होंगी।   बीजेपी शासित अधिकांश राज्यों ने जहां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की है, वहीं विपक्ष शासित राज्य इसके लिए तैयार नहीं है। शिंदे ने राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करने की भी बात कही।
महाराष्ट्र की नवनिर्वाचित सरकार के फैसलों के बारे में जानकारी देते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि जब केंद्र सरकार किसी राज्य की सरकार के साथ आती है तो उस सूबे में विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आश्वासन दिया है कि राज्य की बेहतरी के लिए केंद्र हमारी सरकार के साथ है।
शिंदे ने कहा कि हम महाराष्ट्र के लोगों को राहत देने के लिए पेट्रोलियम पर वैट में कटौती करेंगे। एकनाथ शिंदे ने कहा कि सभी लंबित परियोजनाओं को समय पर पूरा करने की जरूरत है। इस दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। फडणवीस के लिए शिंदे ने कहा कि उनके अनुभव से हमें निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। हमने पिछली सरकार में देवेंद्र फडणवीस के निर्णय लेने की गति देखी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.