पुराने पैटर्न पर ही होगी बीपीएससी की पीटी

पटना। बिहार लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा अब पुराने पैटर्न पर ही होगी। यह परीक्षा अब पूर्व की तरह ही एक दिन एवं एक पाली में ही ली जायेगी। हालांकि पीटी परीक्षा में परसेंटाइल सिस्टम को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।
विदित हो कि बीपीएससी के पीटी परीक्षा में परसेंटाइल सिस्टम लागू करने और 2 दिन परीक्षा आयोजित करने को लेकर छात्र लगातार विरोध कर रहे थे। छात्रों ने बुधवार को इसको लेकर जमकर हंगामा मचाया था। बीपीएसपी अभ्यर्थी परीक्षा के पैटर्न में हुए बदलाव को लेकर सैकड़ों अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान से बिहार आयोग तक पैदल मार्च निकाला था लेकिन मार्च जैसे ही बिहार म्यूजियम पहुंचा कि अभ्यर्थियों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और लाठी चार्ज कर अभ्यर्थियों को हटाया। इस लाठी चार्ज में कई महिला और पुरुष अभ्यर्थी घायल हो गये।
बताया जाता है कि छात्रों के भारी विरोध के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक के बाद सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि परीक्षा पुराने पैटर्न पर ही होगी। अभ्यर्थियों की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री आवास में हुई हाई लेवल मीटिंग में मुख्य सचिव आमिर सुबहानी, बीपीएससी अध्यक्ष और सचिव समेत अन्य वरीय अधिकारी शामिल हुए। जारी विज्ञप्ति के अनुसार बैठक में बिहार लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष ने पूरी स्थिति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। बिहार लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को बताया कि उन्होंने सभी जिलाधिकारी और क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ विमर्श किया है। सभी से विमर्श के बाद इस संदर्भ में निर्णय लिया गया है कि बिहार लोक सेवा आयोग की प्रारंभिक परीक्षा पूर्व की तरह ही एक दिन एवं एक पाली में ही ली जायेगी। हालांकि पीटी परीक्षा में परसेंटाइल सिस्टम को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.