दिल्ली में केजरीवाल और लेफ्ट नेताओं से मिले नीतीश
नई दिल्ली। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और जनता दल युनाइटेड के नेता संजय झा भी वहां मौजूद थे। इस दौरान नीतीश कुमार और केजरीवाल ने दोपहर का भोजन एक साथ किया। नीतीश कुमार के दिल्ली दौरे का उद्देश्य 2024 लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी पार्टियों को एकजुट करना है।
केजरीवाल से मिलने से पहले नीतीश कुमार ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के महासचिव सीताराम येचुरी और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के महासचिव डी रजा से उनके पार्टी कार्यालयों में जाकर भेंट की थी। नीतीश कुमार का हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला से भी मिलने का कार्यक्रम है।
वहीं जब बिहार के सीएम नीतीश कुमार से एक बार फिर से अपने पुराने साथी और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह को लेकर सवाल पूछा गया तो वे भड़क उठे। नीतीश कुमार ने कहा कि उसको राजनीति में लाया कौन था। वो आईएएस था। उसे अपना प्राइवेट सेक्रेट्री कौन बनाया था। कहां से कहां बनाया उस आदमी को, छोड़िए ना। नीतीश कुमार ने कहा कि पार्टी में उसे हम लाये, उसे अपनी जगह अध्यक्ष भी बना दिया लेकिन वह बीजेपी के हाथ में चला गया। नीतीश कुमार ने कहा कि वह क्या बोलता है उसके बोलने का कोई मतलब है। आप लोगों को उस आदमी के बारे में पूछना भी नहीं चाहिए।
