सीबीआई करेगी सोनाली फोगाट मर्डर केस की जांच

फतेहाबाद। हरियाणा की बीजेपी नेता सोनाली फोगाट के मर्डर की जांच अब सीबीआई करेगी। गोवा सरकार ने इस केस की सीबीआइ जांच करवाने का फैसला लिया और इसके लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय को लेटर लिखा। इस पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी सीबीआई से जांच की सिफारिश कर दी है। इसकी जानकारी गोवा के सीएम प्रमोद सावंत ने दी। उन्होंने कहा कि लोगों की लगातार डिमांड आ रही थी कि मामले की जांच ब्सीबीआइ से हो। इसके अलावा सोनाली की बेटी यशोधरा भी लगातार सीबीआई जांच की मांग उठा रही थीं। उन्होंने कहा कि हमें अपनी पुलिस पर पूरा भरोसा है। पुलिस जांच सही दिशा में जा रही है। कई क्लू भी पुलिस को हासिल हुए, लेकिन लोगों और उनकी बेटी की मांग को ध्यान में रखते हुए यह केस अब सीबीआई को दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि सोनाली फोगाट 23 अगस्त की सुबह गोवा के एक रिजॉर्ट में मृत मिली थी। उस समय सोनाली का पीए सुधीर सांगवान और सुखविंदर ही उसके साथ थे। सुधीर ने मंगलवार सुबह 8 बजे सोनाली के भाई को फोन करके मौत की सूचना दी और उसके बाद परिवार के सदस्यों के फोन उठाने बंद कर दिए। परिवार का आरोप है कि सुधीर और सुखविंदर ने ही सोनाली का मर्डर किया है। सुधीर की नजर सोनाली की प्रॉपर्टी पर थी। प्रॉपर्टी हड़पने के लिए उसने सोनाली की हत्या की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.