ज्ञानवापी मस्जिद मामले की सुनवाई 28 को
राज्य सरकार ने दाखिल किया हलफनामा
प्रयागराज। काशी विश्वेश्वर नाथ मंदिर व ज्ञानवापी मस्जिद विवाद को लेकर दाखिल याचिकाओं की सुनवाई सोमवार को भी जारी रही। अब अगली सुनवाई 28 सितंबर को होगी। अंजुमन इंतजामिया मसाजिद व सेंट्रल सुन्नी वक्फ बोर्ड की पांच याचिकाओं की सुनवाई करते हुए यह आदेश इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस प्रकाश पाडिया ने दिया है। याचिकाओं में वाराणसी की अदालत के विवादित स्थल का सर्वे कराने और सिविल वाद की पोषणीयता को चुनौती दी गई है। इनमें से कोर्ट दो याचिकाओं की बहस पूरी हो चुकी है। अन्य की सुनवाई जारी है।
सोमवार को राज्य सरकार की तरफ से हलफनामा दाखिल किया गया। सरकार का कहना है कि वह कानून व्यवस्था कायम रखने व कोर्ट आदेश का अनुपालन के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार की तरफ से दो हफ्ते का समय मांगा गया है। उस दिन आर्कोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया के निदेशक की विस्तृत रिपोर्ट व्यक्तिगत हलफनामे के जरिए दाखिल होगी। इसके बाद मंदिर और ज्ञानवापी मस्जिद की ओर से नजीरों बहस की गई। कोर्ट ने केन्द्र सरकार को समय देते हुए अगली सुनवाई की तिथि 28 सितंबर तय की।
