जामा विधायक सीता सोरेन भाजपा में शामिल
लंबे समय से झामुमो से थीं नाराज

रांची। झारखंड से जामा विधायक सीता सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा से इस्तीफा देकर राजनीतिक गलियारों में सनसनी फैला दी। उन्होंने न सिर्फ पार्टी का महासचिव पद छोड़ा बल्कि विधानसभा की सदस्यता भी त्याग पत्र दिया। इसके बाद दोपहर में दिल्ली में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर ली। बीजेपी प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उनके साथ संजय मयूख समेत अन्य नेता शामिल थे।मिली जानकारी के अनुसार सीता सोरेन लंबे समय से झामुमो से नाराज चल रहीं थीं। हालिया चंपाई सोरेन मंत्रीमंडल में भी उन्हें जगह नहीं मिली थी. जिसका उन्होंने मुखर होकर विरोध जताया था।
सीता सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख शिबू सोरेन की बहू और दिवंगत दुर्गा सोरेन की पत्नी हैं। झारखंड की जामा विधानसभा क्षेत्र से वह विधायक चुनी गईं थीं। पार्टी ने उन्हें राष्ट्रीय महासचिव के रूप में नियुक्त किया था। इसके बाद 2014 में उन्होंने दोबारा चुनाव लड़ा और उसी सीट से दोबारा विधायक बनीं। साल 2019 में जामा विधानसभा सीट से तीसरी बार विधायक चुनी गयी।
