भाजपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची

पटना। लोकसभा चुनाव 2024 मे कौन सी पार्टी बहुमत में आएगी यह तो भविष्य के गर्त में है पर सभी पार्टियां अपने-अपने स्तर से जोर लगा रही है। जनता रूपी फूल किसे सत्ता के सिंहासन पर विराजमान करायगी यह भी अभी नहीं कहा जा सकता क्योंकि चुनावी हवा रातो रात बदल जाती है। बहरहाल जो भी हो पर जोर आजमाईश भी जरूरी है। इसी के तहत बिहार में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है ताकि वह अपने विचारो से जनता के रूख को अपनी ओर खीच सके। भाजपा की इस सूची में 40 स्टार प्रचारकों के नाम हैं जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ-साथ अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, स्मृति ईरानी जैसे केंद्रीय मंत्री शामिल हैं। इस सूची में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव को भी शामिल किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी ने बिहार के विभिन्न संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे कई उम्मीदवारों को भी अपना स्टार प्रचारक बनाया है उन नामों में बेगूसराय के उम्मीदवार गिरिराज सिंह, उजियारपुर उम्मीदवार नित्यानंद राय, पश्चिम चंपारण उम्मीदवार संजय जायसवाल, बक्सर उम्मीदवार मिथिलेश तिवारी शामिल हैं। इसके साथ पार्टी ने बेटिकट किये गये नेताओं को भी प्रचार के मामले में स्टार माना है जिनमे बक्सर से बेटिकट हुए सांसद अश्विनी चौबे, राज्यसभा से बेदखल हुए सुशील कुमार मोदी के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही सैयद शाहनवाज हुसैन,बिहार सरकार के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा के नाम भी स्टार प्रचारक के रूप में शामिल किया गया है। हाल ही में राज्यसभा की सदस्य बनीं दरभंगा की धर्मशीला गुप्ता को भी पार्टी ने स्टार प्रचारक की सूची में जगह दी है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.