ईडी के सामने पेश नहीं हुईं महुआ मोइत्रा
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस की नेता महुआ मोइत्रा प्रवर्तन निदेशालय के समन पर फिर पेश नहीं हुईं। ईडी के समन को नजरअंदाज करते हुए गुरुवार को महुआ पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार में व्यस्त दिखीं। उन्हें गुरुवार को दिल्ली में ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया था। कृष्णानगर के तृणमूल उम्मीदवार ने कहा था कि सुबह उनका कालीगंज में प्रचार कार्यक्रम है जो उनके लोकसभा क्षेत्र में आता है।
गौरतलब है कि ईडी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के उल्लंघन मामले में पूछताछ के लिए मोइत्रा और दुबई स्थित व्यवसायी दर्शन हीरानंदानी को नया समन जारी किया था। महुआ मोइत्रा को केंद्रीय एजेंसी ने पहले भी दो बार पूछताछ के लिए बुलाया था लेकिन वह आधिकारिक काम का हवाला देकर पेश नहीं हुईं और नोटिस को स्थगित करने की मांग की। वहीं इसको लेकर नादिया के कालियागंज में चुनाव प्रचार के बाद महुआ मोइत्रा ने संवाददाताओं से कहा कि ईडी अपना काम करेगी और मैं अपना काम करूंगी। यानी मुझे अपना चुनाव अभियान जारी रखना है। उधर दूसरी ओर महुआ मोइत्रा द्वारा समन को नजरअंदाज करने के फैसले पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा नेता राहुल सिन्हा ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जिक्र किया जिन्हें हाल में आबकारी नीति से जुड़े कथित धन शोधन मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया है। श्री सिन्हा ने कहा कि समन नजरअंदाज करने का उनका निर्णय केवल यह साबित करता है कि ईडी सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
