बसपा ने श्रीकला रेड्डी को चुनाव मैदान में उतारा

जौनपुर। बहुजन समाज पार्टी ने उत्तर प्रदेश की जौनपुर लोकसभा सीट से बाहुबली नेता धनंजय सिंह की पत्नी श्रीकला रेड्डी को मैदान में उतारा है। पहले इस सीट से खुद धनंजय सिंह चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन अपहरण और रंगदारी के एक केस में जेल जाने के बाद उनके चुनाव लड़ने पर ग्रहण लग गया। इसके बाद से ही ये कयास लग रहे थे कि वह अपनी पत्नी श्रीकला रेड्डी को चुनाव लड़वा सकते हैं। श्रीकला को टिकट मिलने के बाद अब जौनपुर सीट पर मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है। यहां भाजपा के टिकट पर कृपाशंकर सिंह चुनाव लड़ रहे हैं तो समाजवादी पार्टी ने बाबू सिंह कुशवाहा को मैदान में उतारा है।
विदित हो कि बीएसपी उम्मीदवार श्रीकला रेड्डी फिलहाल जौनपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। श्रीकला रेड्डी नामी बिजनेस परिवार से ताल्लुक रखती हैं।  इनके पिता का नाम के. जितेंदर रेड्डी है और मां का नाम ललिता रेड्डी। रेड्डी परिवार की गिनती देश के टॉप अमीरों में होती है। श्रीकला के माता-पिता दोनों राजनीति में हाथ आजमा चुके हैं। पिता के. जितेंदर रेड्डी 1969 में में तेलंगाना की कोदद सीट से विधायक रह चुके हैं। वह तेलंगाना आर्म्ड स्ट्रगल मूवमेंट में भी हिस्सा ले चुके हैं जबकि, श्रीकला रेड्डी की मां ललिता रेड्डी भी अपने गांव की सरपंच रही हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.