किशोरी लाल शर्मा ने किया अमेठी से नामांकन
अमेठी। अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस ने किशोरी लाल शर्मा को अपना उम्मीदवार बनाया। इसके बाद उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार शर्मा ने जिलाधिकारी कार्यालय में जाकर अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। श्री शर्मा केे नामांकन के समय उनके साथ कांग्रेस के स्थानीय नेता मौजूद नजर आए।
इससे पहले अन्य नेताओं, कांग्रेस सदस्यों के साथ अमेठी पहुंचने के तुरंत बाद पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी गौरीगंज स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचीं और शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने पार्टी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। बाद में वह अपने भाई राहुल गांधी के नामांकन में भाग लेने के लिए रायबरेली के लिए रवाना हो गईं।
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत 20 मई को होने वाले मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद किशोरी लाल शर्मा ने कहा कि मैं हमेशा गांधी परिवार का सेवक रहा हूं और एक सेवक को गांधी परिवार ने जो जिम्मेदारी सौंपी है उसे मैं निभाऊंगा। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर शर्मा को बधाई दी। यहा शर्मा का मुकाबला भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी एवं निवर्तमान सांसद स्मृति ईरानी से है।
