राहुल गांधी ने रायबरेली से किया नामांकन

रायबरेली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार (3 मई)  को उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और उनकी मां सोनिया गांधी भी मौजूद थी। राहुल के नामांकन के समय उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद थे। राहुल गांधी का मुकाबला इस सीट से बीजेपी के दिनेश प्रताप सिंह से है। दिनेश प्रताप 2019 में भी इसी सीट से मैदान में उतरे थे।
कांग्रेस ने शुक्रवार सुबह ही रायबरेली और अमेठी सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया, जहां राहुल रायबरेली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं तो वहीं गांधी परिवार के गढ़ माने जाने वाली अमेठी सीट से किशोरी लाल शर्मा को टिकट दिया गया है। रायबरेली से सोनिया गांधी सांसद रह चुकी हैं। विदित हो कि राहुल गांधी रायबरेली के साथ-साथ केरल की वायनाड सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं। ये दूसरा मौका है जब राहुल एक ही चुनाव में दो सीटों से मैदान में हैं। पिछली बार भी उन्होंने अमेठी के साथ-साथ वायनाड से चुनाव लड़ा था जहां उन्हें अमेठी से करीब 50 हजार वोटों से हार मिली थी, लेकिन वह वायनाड से बंपर वोटों से जीतकर संसद पहुंचे थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.