कोलकाता दुष्कर्म मामले पर हरभजन का फूटा गुस्सा

कोलकाता। क्रिकेटर से राजनेता बने हरभजन सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दो पन्नों का पत्र लिखकर कोलकाता दुष्कर्म और हत्या पीड़िता को न्याय मिलने में हो रही देरी पर अपना दुख व्यक्त किया। साथ ही इस मामले पर तेजी से और निर्णायक तरीके से काम करवाने की अपील की।
हरभजन ने कहा कि जो कोलकाता में देश की बेटी के साथ हुआ  वो बहुत गलत हुआ। उसको इंसाफ दिलाने के लिए हम सबको आगे आना चाहिए बजाय की इसे हम पॉलिटिकल मुद्दा बनाए। मेरी सभी अधिकारियों से विनती है कि इस मामले में उस बेटी को जल्द इंसाफ मिले, क्योंकि वो तो अब इस दुनिया में नहीं रही लेकिन हम नहीं चाहते हैं कि आने वाले समय में कोई ऐसा काम हो जिससे हमारा सिर शर्म से झुक जाए। मैं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,  ममता दीदी,  तमाम नेता और बड़े पदाधिकारी से बस यही कहना चाहता हूं कि ये वो समय है जब हम सबको एक ऐसा नियम बनाना चाहिए जिससे ऐसे घिनौने काम करने वालों की रूह कांप जाए। उनके मन में ये डर हो कि अगर वो ऐसा करेंगे तो कानून उनके साथ क्या करेगा।
हरभजन ने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से समझौता नहीं किया जा सकता। इस जघन्य अपराध के अपराधियों को कानून की पूरी सजा का सामना करना होगा और सजा उदाहरण बनाने वाली होनी चाहिए। सिर्फ इसी तरह हम अपने सिस्टम में विश्वास बहाल करना शुरू कर सकते हैं और यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि ऐसी घटना दोबारा न हो और हम एक ऐसा समाज बनाएं जहां हर महिला सुरक्षित और संरक्षित महसूस करे। हमें खुद से पूछना चाहिए. अगर अभी नहीं तो कब, मुझे लगता है अब एक्शन का समय आ गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.