पूर्व मंत्री मेदी राम दोदम का निधन
ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री मेदी राम दोदम का लंबी बीमारी के बाद रविवार को निधन हो गया। यह जानकारी उनके पारिवारिक सूत्रों ने दी। श्री दोदम 69 वर्ष के थे और उनके परिवार में छह बच्चे जिनमें तीन बेटियां शामिल हैं पोते.पोतियां और भाई.बहन हैं। उनका जन्म पांच अगस्त 1955 को पूर्वी कामेंग जिले के म्लोरांग गांव के वोरुंग दोदम और जया दोदम के घर हुआ था। उन्हें बामेंग विधानसभा क्षेत्र से पहला कैबिनेट मंत्री होने का गौरव प्राप्त है। वह एक समर्पित जनसेवी थे।
वह 1984 में चुनावी राजनीति में आए जब उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में दोइमुख.सागली निर्वाचन क्षेत्र से विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन असफल रहे। शुरुआत में क्षेत्रीय पीपुल्स पार्टी ऑफ अरुणाचल में शामिल होने के बाद वह 1986 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए और उन्हें पार्टी का राज्य सचिव बनाया गया। श्री दोदम 1988 में कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए और एक साल बाद उन्हें पार्टी का प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया। पार्टी में विभिन्न पदों पर कार्य करने के बाद 1995 में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर पूर्वी कामेंग जिले में बामेंग विधानसभा से चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। उनके कार्यकाल को बागवानी और मत्स्य पालन क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान के लिए चिह्नित किया जाता है जो अरुणाचल प्रदेश के लोगों की आजीविका में सुधार के लिए उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
