विनीत गोयल के दोनों पदक वापस लिये जाने की मांग
कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने राष्ट्रपति और केंद्रीय गृहमंत्री को पत्र लिखकर कोलकाता पुलिस आयुक्त विनीत गोयल के दोनों पदक वापस लिये जाने की मांग की है।
शुभेंदु ने अपने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा है कि विनीत गोयल राष्ट्रपति पुलिस पदक और पुलिस पदक के योग्य नहीं हैं, जो उन्हें 2013 और 2023 में प्रदान किए गए थे। उनका आरोप है कि विनीत के नेतृत्व में कोलकाता पुलिस आरजी कर अस्पताल मामले की जांच में विफल रही और इस कारण वे इन पदकों की प्रतिष्ठा को बनाए रखने में असमर्थ हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस के काम की सराहना करने के लिए ये पदक प्रदान किए जाते हैं लेकिन विनीत गोयल ने अपने कार्यों से न केवल अपनी छवि, बल्कि 168 साल पुराने कोलकाता पुलिस की प्रतिष्ठा को भी धूमिल किया है।
शुभेंदु ने अपने पत्र की प्रतियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी साझा की हैं। उन्होंने पत्र में कानून का उल्लेख करते हुए तर्क दिया है कि पदक वापस लेने का प्रावधान है यदि पदक धारक पर भ्रष्टाचार या कायरता का आरोप साबित होता है तो इसे वापस लिया जा सकाता है। उन्होंने 2017 में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा राज्य सरकार को भेजे गए पत्र का भी हवाला दियाए जिसमें पुलिस पदकों से संबंधित नियमों का पालन न होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी।
