बस मार्शलों को प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कामों में लगाया जाएगा : आतिशी

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी  ने जिन बस मार्शलों और नागरिक सुरक्षा स्वयसेवकों को नौकरी से निकाला था सरकार उन्हें दोबारा बहाल कर रही है और आने वाले चार महीनों में उन्हें प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कामों में लगाया जाएगा।
सुश्री आतिशी ने सोशल मीडिया “एक्स” पर कहा कि दिल्लीवालों के बेटे केजरीवाल ने एक बार फिर अपना वादा निभाया है। भाजपा ने जिन बस मार्शलों और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स को नौकरी से निकाला था दिल्ली सरकार उन्हें दोबारा बहाल कर रही है। आने वाले चार महीनों में उन्हें प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े कामों में लगाया जाएगा। सभी बस मार्शलों को बधाई, उनसे यह भी वादा है कि चार महीने के बाद भी उनको स्थायी तौर पर रोज़गार देने का रास्ता निकाला जायेगा। आज अरविंद केजरीवाल ने दिखा दिया कि किसी.न.किसी तरीक़े से वह दिल्लीवालों के काम करवा कर ही चैन लेते हैं।
कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले दिनों पूरे देश ने देखा की कैसे केंद्र सरकार के इशारे पर दिल्ली सरकार के अलग-अलग विभागों में अनुबंध पर काम करने वाले हज़ारों गरीब परिवार के लड़के.लड़कियों को नौकरी से निकाल दिया गया। उन्होंने कहा कि श्री केजरीवाल द्वारा इन गरीब लड़के.लड़कियों की नौकरी की दोबारा से बहाली के लिए जो वादा किया गया था और जो मेहनत की गई आज वह रंग लाई है। केंद्र सरकार को इन गरीब बस मार्शलों के संघर्ष के आगे झुकना पड़ा है। श्री भारद्वाज ने कहा कि आज लोकतंत्र की जीत हुुई है और लोकतंत्र की ताकत के सामने केंद्र सरकार को हारना पड़ा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.