आज की पीढ़ी न केवल स्मार्ट, बेहद विज़नरी भी : रेखा
नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि आज की युवा पीढ़ी पहले से कहीं अधिक स्पष्ट सोच और उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रही है। श्रीमती गुप्ता ने कॉन्फेडरेशन ऑफ वीमेन एंटरप्रेन्योर्स ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित “यंगप्रेन्योर समिट.2025” में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्टार्ट अप में नयी कामयाबी प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के बाद कहा कि आज की पीढ़ी न केवल स्मार्ट है, बल्कि बेहद विज़नरी भी है तथा उन्हें पता है कि उन्हें किस दिशा में जाना है और क्या बनना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी पहले से कहीं अधिक स्पष्ट सोच और उद्देश्य के साथ आगे बढ़ रही है। उनके इनोवेटिव आइडिया ही आज देश में नए स्टार्टअप्स की नींव बन रहे हैं। इतने कम उम्र में छात्रों द्वारा किए गए कार्य प्रशंसनीय हैं और वे निश्चित ही भविष्य में देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि आज का भारत जो कभी दुनिया की नजरों में पिछड़ा समझा जाता था, आज गर्व, संस्कृति और तकनीकी शक्ति का प्रतीक बन चुका है। आज की तारीख में जब देश के छात्र इनोवेटिव प्रोडक्ट्स और स्टार्टअप्स के ज़रिए अपनी पहचान बना रहे हैं तो ऐसे आयोजनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का हर युवा, जब यह सोचकर आगे बढ़ेगा कि सबसे पहले मेरा देश तभी भारत आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन में भाग लेना उनके लिए बेहद यादगार रहा और छात्र-छात्राओं से मिले स्नेह और जोश को वह जीवन भर संजोकर रखेंगी।
