शिवहर में अटल कला भवन का होगा निर्माण : सम्राट
पटना। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि शिवहर में 19 करोड़ 73 लाख 26 हजार रुपये की लागत से 620 दर्शक क्षमता वाले अटल कला भवन के निर्माण को स्वीकृति प्रदान की गई है।
श्री चौधरी ने कहा कि सरकार की अटल कला भवन निर्माण योजना के अंतर्गत शिवहर जिले को भवन निर्माण विभाग के द्वारा ये सौगात दिया गया है। उन्होंने कहा कि शिवहर जैसे सीमावर्ती ज़िले में उच्चस्तरीय कला भवन की स्थापना से ना केवल स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलेगा बल्कि बिहार की कला .संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन सरकार जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ कला संस्कति को भी बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी कड़ी में शिवहर में अटल कला भवन का निर्माण कराया जा रहा है। यह परियोजना ना केवल शिवहर के स्थानीय कलाकारों और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहन देगी, बल्कि जिले को सांस्कृतिक पर्यटन मानचित्र पर भी एक विशेष पहचान दिलाएगी।
