व्यापारियों के हितों में काम कर रही दिल्ली सरकार : रेखा

नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार दिल्ली के कारोबारियों के हितों के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है।
श्रीमती गुप्ता से यहां व्यापारिक संगठन भारतीय उद्योग मंडल के प्रतिनिधियों ने उनसे मुलाकात की। व्यापारियों से बातचीत के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार व्यापारियों के कारोबार को सुगम बनाने के लिए कुशल इंन्फ्रास्ट्रक्चर बनाने में जुट गई है ताकि, वे राजधानी में सुविधापूर्वक व्यापार कर पाएं। मुख्यमंत्री का यह भी कहना है कि व्यापारियों की समस्याओं को सुलझाने और उन्हें भयमुक्त व्यापार करने की दिशा में ही सरकार ने दिल्ली ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड का गठन किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली के कारोबारी चरित्र को यथावत तो रखेगी ही साथ ही उनको उचित सुविधाएं देने के लिए भी कई योजनाओं पर काम कर रही है। दिल्ली के बाजारों को अन्यत्र शिफ्ट करने की कोई योजना नहीं है। उन्होने कहा कि वे चाहती हैं कि दिल्ली का कारोबार खूब फले-फूले, उससे दिल्ली का राजस्व बढ़े जो दिल्ली के विकास में काम आएगा।
उन्होंने कहा कि पुरानी दिल्ली के बाजारों के विकास को लेकर हमारी सरकार ब्लू प्रिंट तैयार करने में जुट गई है। हम यहां के बाजारों का पुनर्विकास करने की योजना पर काम कर रहे हैं। दिल्ली सरकार चाहती है कि पुरानी दिल्ली में दुकानें,  छोटे गोदाम और कार्यालय यहीं पर रहे। उनके सामान के स्टोरेज के लिए दिल्ली के बाहरी इलाकों में वेयरहाउस व बड़े गोदाम बनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों ने दिल्ली के कारोबारियों का शोषण किया है और दिल्ली के बाजारों का चरित्र बिगाड़ने में लगातार षडयंत्र किए। उनकी सरकार ने व्यापारियों के लिए दिल्ली ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड बनाया है जिसमें व्यापारियों को भी शामिल किया है ताकि उनकी समस्याओं की सही जानकारी और उनका निदान किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.