मतदाता सूची पर तेजस्वी का बयान पब्लिसिटी स्टंट : मंत्री

पटना। बिहार के पथ निर्माण मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी  के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल  नेता तेजस्वी यादव का मतदाता सूची को लेकर दिया गया बयान दिखावटी,  भ्रामक और पूरी तरह से मीडिया पब्लिसिटी स्टंट है।
श्री नवीन ने कहा कि ऐसा सुनने में आया है कि तेजस्वी यादव ने अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को 48 घंटे के भीतर मतदाता सूची से जुड़ी जमीनी सच्चाई पता करने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि हैरानी की बात है कि अब तक उन्होंने अपने किसी भी आरोप की एक भी लिखित शिकायत चुनाव आयोग को नहीं दी। चुनाव आयोग ने पहले ही स्पष्ट किया है कि यदि कहीं गड़बड़ी है तो प्रमाण सहित लिखित रूप में देंए जिससे तत्काल कानूनी कार्रवाई हो सके।
मंत्री ने कहा कि यह साफ़ है कि राजद का मक़सद समस्या का समाधान नहीं, बल्कि चुनावी माहौल में सस्ती राजनीतिक सुर्ख़ियाँ बटोरना और जनता के बीच अफवाह फैलाना है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव की राजनीति सिर्फ कैमरे के फ्लैश और हेडलाइन तक सीमित है जबकि असली मुद्दों पर उनकी चुप्पी बहुत कुछ बयां करती है। मंत्री ने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी और नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली सरकार लोकतंत्र की मजबूती और पारदर्शिता के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल होगा और किसी के साथ अन्याय नहीं होगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे जिम्मेदारी से काम करें और यदि कोई वास्तविक शिकायत है तो नियमानुसार चुनाव आयोग को लिखित रूप में सौंपें न कि मीडिया माइक्रोफोन के सहारे झूठ फैलाएं और जनता को गुमराह करें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.