अतिवृष्टि से प्रभावित लोगों के लिए तत्काल राहत की मांग

कोटा। राजस्थान के पूर्व मंत्री और कोटा उत्तर से विधायक शांति धारीवाल ने भारी बरसात से हुई अतिवृष्टि के चलते प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान करने की राज्य सरकार से मांग की है। कांग्रेस नेता श्री धारीवाल ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि कोटा सहित आसपास के जिलों में भारी बारिश के चलते किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है और कई लोगों के कच्चे घर गिर गए हैं जिन्हें जल्द राहत प्रदान की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि के चलते जो भी लोग प्रभावित हुए हैं उनको राहत प्रदान करने के लिए सरकार को तत्काल राहत राशि जारी की जानी चाहिए। श्री धारीवाल ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में हालत बहुत खराब है जो आश्रय स्थल बनाए गए हैं वहां व्यवस्थाएं ठीक नहीं है जिससे ग्रामीण जल भराव होने के बाद भी आश्रय स्थलों पर आने से परहेज कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को बाढ़ से नुकसान पहुंचा है उनका आर्थिक सहायता प्रदान की जाए । उन्होंने हाडोती में किसानों की अतिवृष्टि से हुई सैकड़ो बीघा फसल के हुए खराबी का भी जल्द सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद किसानो और पीड़ितों को राहत पहुंचाने में ढिलाई बरती जा रही है। भाजपा सरकार के मंत्री, विधायक एवं जनप्रतिनिधि बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में दौरे करने तो पहुंच रहे हैं लेकिन राहत का पैकेज कोई लेकर नहीं जा रहा है। श्री धारीवाल ने चेताया कि अतिवृष्टि से हुए नुकसान का पीड़ितों को जल्द और उचित मुआवजा नहीं दिया गया तो हाड़ौती में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.