राजग के घटक दलों के बिहार बंद से आम जन-जीवन प्रभावित
पटना। बिहार के दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान एक मंच से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी मां को अपशब्द कहे जाने के विरोध में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की महिलाएं अपने प्रमुख नेताओं के साथ गुरूवार की सुबह बिहार बंद के लिए सड़कों पर उतरीं।
प्रधानमंत्री मोदी की मां को अपशब्द कहने की घटना के विरोध में राजग के सभी घटक दल भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाईटेड, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा ने आज बिहार बंद का आह्वान किया । संबंधित दलों की महिला प्रकोष्ठ की सदस्य पटना और बिहार के अन्य हिस्सों में बिहार बंद को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में गुरुवार को सड़कों पर उतरीं। भाजपा की महिला प्रकोष्ठ ने पटना के बेली रोड स्थित आयकर गोलचक्कर के पास वाहनों की आवाजाही रोकने की कोशिश की। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री की मां के अपमान के विरोध में दोपहर 12.00 बजे तक वाहन न चलाने का अनुरोध किया। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की मां का अपमान देश की सभी महिलाओं का अपमान है। इस बंद से एम्बुलेंस, दवाओं और दूध की आपूर्ति सहित सभी आवश्यक सेवाओं को मुक्त रखा गया था।
प्रधानमंत्री मोदी की मां के अपमान के विरोध में पटना में सड़क पर बैठे भाजपा विधान पार्षद संजय मयूख ने कहा कि बिहार के लोग ऐसी घटना बर्दाश्त नहीं कर सकते। उन्होंने इस घटना के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी प्रसाद यादव से सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगने की मांग की। उधर गया से प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां भी भाजपा कार्यकतौओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सुबह से ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर की प्रमुख सड़कों पर घूम.-घूम कर दुकानों और प्रतिष्ठानों को बंद कराया और कई चौक. चौराहों पर सड़क जाम कर आवागमन को बाधित किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे और शहर के विभिन्न प्रमुख चौक. चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। भाजपा किसान मोर्चा के सह प्रभारी डॉ मनीष पंकज मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी की सभा में खुले मंच से देश के प्रधानमंत्री की माता जी के खिलाफ अभद्र टिपण्णी की गयी जो बेहद निंदनीय है। हम इसका विरोध कर रहे हैं और जब तक राहुल गांधी और तेजस्वी प्रसाद यादव सार्वजनिक रूप से मांफी नहीं मांगते हैं तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस दौरान शांतिपूर्ण तरीके से धरना भी दिया लेकिन सड़क जाम के कारण आम जनजीवन प्रभावित हुआ। व्यापारियों में भी आंशिक असंतोष देखने को मिला हालांकि अधिकांश प्रतिष्ठान भाजपा के आह्वान पर बंद रहे।
विदित हो कि 27 अगस्त को दरभंगा में वोटर धिकार यात्रा के मंच से एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री की मां के लिए अपशब्द कहा था और भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने पटना के कोतवाली थाने में घटना के विरोध में एक प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस घटना से खुद को अलग करते हुए कहा था कि घटना के समय मंच पर उनका कोई भी नेता मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि न तो राहुल गांधी और न ही राजद नेता तेजस्वी प्रसाद यादव मौजूद थे और घटना के समय वे मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हो चुके थे।
