मुठभेड़ में एक करोड़ का इनामी समेत 10 नक्सली ढेर

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान को गुरुवार को तब बड़ी सफलता मिली जब सुरक्षा बलों ने एक करोड़ के इनामी नक्सली समेत दस नक्सलियों को मार गिराया। आज सुबह थाना मैनपुर क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की सक्रियता की सूचना मिलने के बाद ई30, विशेष सुरक्षा बल और कोबरा की संयुक्त टीम घटनास्थल की ओर रवाना हुई। सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच लंबी और तीव्र मुठभेड़ हुई।
जिले के पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ में माओवादी केंद्रीय कमेटी के कई बड़े नक्सली मारे गए हैं। माना जा रहा है कि इनमें एक प्रमुख नक्सली मनोज भी शामिल हैं जिस पर एक करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। श्री राखेचा ने बताया कि अभियान पूरी तरह से सुरक्षा बलों की रणनीति के तहत संपन्न हुआ। हमें मनोज के उपस्थित होने की सूचना मिली थी । अभी 10 नक्सलियों के शव मिले हैं। शेष कार्रवाई के बाद शुक्रवार सुबह पता चलेगा कि कुल कितने नक्सली मरे ।
एसपी ने बताया कि जिले के आसपास रहने वाले लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने घरों से बाहर न निकलें और सुरक्षा बलों को अपनी कार्रवाई में सहयोग दें। जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां नक्सल उन्मूलन के इस अभियान को पूरी सतर्कता और योजना के साथ सफल बनाने में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि शवों की शिनाख्त के बाद सभी जानकारी साझा की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.