प्रशांत किशोर ने की जनसुराज के चुनाव प्रचार की शुरुआत

वैशाली। जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव के चुनाव क्षेत्र राघोपुर से शनिवार को अपनी पार्टी के चुनाव प्रचार की शुरुआत की। बिहार विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष श्री यादव के क्षेत्र राघोपुर में श्री किशोर ने घूम-घूमकर आम लोगों, खासकर महिलाओं से बात की और उनकी समस्याओं को समझा। इस दौरान महिलाओं ने इलाके में स्कूल, अस्पताल न होने की शिकायतें की। श्री किशोर से नागरिकों ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई ठीक से नहीं हो रही है और परिवार में किसी सदस्य के बीमार पड़ने पर इलाज के लिए पटना जाना पड़ता है।
श्री किशोर ने राघोपुर के रुस्तमपुर चौक, कबीर चौक, पहाड़पुर और प्रखंड कार्यालय के इलाकों में जाकर लोगों से बात की। लोगों ने उन्हें इलाके में समस्याओं के बारे में जानकारी दी। यह भी बताया कि गंगा दियारा का यह इलाका साल के अधिकांश महीनों में पानी में डूबा रहता हैए लेकिन यहां के विधायक तेजस्वी यादव कभी सुध लेने, मिलने या समस्याओं को देखने नहीं आते हैं। श्री किशोर ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि हमारी पार्टी में यह नियम लागू किया गया है कि किसी भी क्षेत्र की जनता यदि चाहेगी तभी कोई व्यक्ति जनसुराज का उम्मीदवार होगा। उन्होंने कहा कि राघोपुर की जनता से रायशुमारी ली जा रही है और देखना है कि जनता किसके नाम पर मुहर लगाती है।उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में यह तय हो जाएगा कि राघोपुर से कौन उम्मीदवार होगा।
श्री किशोर इस दौरान राघोपुर प्रखंड कार्यालय के पास माता महारानी मंदिर गए और उनके दर्शन किए, जहां उन्हें लड्डू से तौला भी गया। इससे पहले जन सुराज के कार्यकताओं ने भव्य तरीके और पूरे उत्साह के साथ ढोल.नगाड़े बजाकर राघोपुर में श्री किशोर का स्वागत किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.