छठ पूजा को लेकर दिशा-निर्देश जारी
एक हजार से अधिक स्थानों पर मनाया जाएगा यह पर्व
नई दिल्ली। दिल्ली के कला, संस्कृति एवं भाषा और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने मंगलवार को कहा कि इस वर्ष दिल्ली में लगभग एक हजार से ज्यादा स्थानों पर छठ पर्व मनाया जाएगा जो अब तक का सबसे व्यापक आयोजन होगा।
श्री मिश्रा ने “छठ पूजा 2025” को लेकर एक उच्च.स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की जिसमें तैयारियों की समीक्षा और अंतिम रूप देने के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को तमाम दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष दिल्ली में लगभग एक हजार से ज्यादा स्थानों पर छठ पर्व मनाया जाएगा जो अब तक का सबसे व्यापक आयोजन होगा। पिछले कई वर्षों के बाद यमुना घाटों पर छठ पूजा का विशेष आयोजन किया जा रहा है जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यमुना घाटों के अलावा छठ पूजा के लिए चार प्रमुख स्थान द्वारका, हाथी घाट, पीतमपुरा और सोनिया विहार पर विशेष तौर पर भव्य आयोजन किए जाएंगे। दिल्ली के सभी छठ घाटों पर पूर्वांचल की लोक संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने के लिए विशेष इंतजाम नजर आयेंगे। श्री मिश्रा ने कहा कि कला, संस्कृति एवं भाषा विभाग द्वारा दिल्ली के 200 से अधिक स्थानों पर विभिन्न कलाकार लोकगीत, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देंगे। घाटों पर भव्य स्वागत द्वार “छठी मैय्या और सूर्य भगवान” की प्रतिमाओं के साथ ही आकर्षक विद्युत सजावट लगाई जाएगी ताकि वातावरण श्रद्धापूर्ण और उत्सवमय बने। उन्होंने छठ घाटों पर स्वच्छता बनाये रखने पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में मोबाइल टॉयलेट वैन और एम्बुलेंस तैनात की जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा और फायर डिपार्टमेंट की तैयारियाँ पूरी रहें ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुचारू वातावरण मिल सके।
