सरकारी नौकरी के नाम पर गुमराह कर रहा महागठबंधन : सम्राट
छपरा। बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव पर हमला करते हुये मंगलवार को कहा कि जिनके माता.पिता ने मुख्यमंत्री रहते हुए बिहार में एक लाख लोगों को भी सरकारी नौकरी नहीं दी, वही आज दो करोड़ 70 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने का सपना दिखा रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने एकमा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के धूमल सिंह, गोरेयाकाठी से भाजपा के देवेश कांत सिंह और अरवल से भाजपा के मनोज शर्मा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार का कुल बजट तीन लाख 17 हजार करोड़ रुपये का है जिसमें से 85 हजार करोड़ रुपये 22 लाख सरकारी कर्मचारियों के वेतन में खर्च होते हैं। यदि दो करोड़ 70 लाख लोगों को सरकारी नौकरी दी जाए तो लगभग 12 लाख करोड़ रुपये वेतन पर खर्च होंगे जो बिहार के मौजूदा बजट से चार गुना अधिक है। यह दावा पूरी तरह अव्यावहारिक और जनता को गुमराह करने वाला है।
श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले पांच सालों में 12 लाख लोगों को सरकारी नौकरी और 38 लाख लोगों को रोजगार दिया है।उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से अगले कार्यकाल में एक करोड़ लोगों को सरकारी नौकरी और रोजगार प्रदान करने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि महागठबंधन के नेताओं ने दशकों तक बिहार को पिछड़ेपन के गड्ढे में झोंक दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 40 साल और लालू प्रसाद यादव ने 15 साल तक राज्य को भ्रष्टाचार और घोटालों में उलझाए रखा। जब उन्हें विकास पर ध्यान देना चाहिए था तब वे चारा और अलकतरा घोटाले में व्यस्त थे। इसके विपरीत राजग सरकार ने बिहार को विकास की नई दिशा दी है। सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे हर क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल हुई हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि कभी खराब सड़कों के लिए बदनाम बिहार आज विश्वस्तरीय और गुणवत्तापूर्ण सड़कों के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा कि अब पटना से राज्य के किसी भी हिस्से में सिर्फ चार घंटे में पहुंचा जा सकता है। 2005 से पहले जहां शहरों में सिर्फ चार.पांच घंटे बिजली मिलती थी, वहीं आज गांवों में भी 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति हो रही है। राज्य सरकार 125 यूनिट बिजली मुफ्त में उपलब्ध करा रही है। बिहार विकास की तेज रफ्तार पकड़ चुका है और जनता ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार बनाने का मन बना लिया है।
