बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया विभागों का बंटवारा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को उन पांच मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया जिन्होंने दो दिन पहले मुख्यमंत्री के साथ शपथ ली थी। यह घोषणा नई भाजपा सरकार की पहली कैबिनेट बैठक के बाद हुई जिसकी अध्यक्षता श्री अधिकारी ने की।
पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष को पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के साथ-साथ पशु संसाधन विकास का काम सौंपा गया है। कैबिनेट की अकेली महिला मंत्री अग्निमित्रा पॉल शहरी विकास और नगरपालिका मामलों के विभाग के साथ-साथ महिला और बाल कल्याण मंत्रालय भी संभालेंगी। श्री निसिथ प्रमाणिक को उत्तर बंगाल विकास, खेल और युवा कल्याण मंत्री का प्रभार दिया गया है। श्री अशोक कीर्तनिया को खाद्य एवं आपूर्ति विभाग का मंत्री बनाया गया है। इस बीच क्षुदीराम टुडू को जनजाति विकास विभाग और पर्यटन विभाग सौंपा गया है।
सरकार ने दिन में अपनी पहली कैबिनेट बैठक में भारत-बांग्लादेश सीमा पर बाड़ लगाने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को जमीन स्थानांतरित करने को मंजूरी दे दी। सरकार ने इस कदम को राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने और गैर.कानूनी घुसपैठ को रोकने को एक जरूरी कदम बताया। एक बड़ी कल्याणकारी पहल के तहत राज्य सरकार ने घोषणा की कि आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना सहित कई केंद्रीय सामाजिक कल्याणकारी कार्यक्रम पश्चिम बंगाल में लागू किए जाएंगे। कैबिनेट ने बेरोजगारी दूर करने और राज्यभर में नौकरी ढूंढने वालों को अधिक मौके देने की कोशिश में सरकारी नौकरी के लिए आवेदन करने वालों के लिए ऊपरी उम्र सीमा पांच साल बढ़ाने का भी फैसला किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.