भाजपा ने परिवारवाद, माफियाबाद जैसी दुष्प्रवृत्तियों पर रोक लगायी: योगी

महराजगंज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की डबल इंजन सरकार ने जातिवाद, क्षेत्रवाद, परिवारवादए माफियावाद और अराजकता जैसी दुष्प्रवृत्तियों पर प्रभावी रोक लगाकर प्रदेश में सुशासन और विकास का नया वातावरण तैयार किया है, महराजगंज में 208 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 79 परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि महराजगंज सहित पूरे पूर्वांचल को माफिया, दंगा और भय के माहौल से बाहर निकालकर विकास, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं, मजबूत सड़क नेटवर्क, सिंचाई,  रोजगार और सुरक्षा से जोड़ा गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जनता के करोड़ों रुपये कब्रिस्तानों की बाउंड्रीवाल पर खर्च किए जाते थे जबकि अब वही धन मंदिरों के सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं के विकास में लगाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महराजगंज में दिख रहा विकास सही जनप्रतिनिधियों के चयन का परिणाम है। उन्होंने रोहिन नदी पर बने बनेलिया माई बैराज, गोरखपुर.सोनौली फोरलेन मार्ग तथा क्षेत्र में विकसित सड़क नेटवर्क का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सब जनता के सही वोट की ताकत से संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले महराजगंज इंसेफेलाइटिस, खराब स्वास्थ्य सेवाओं, अराजकता और पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहा था। दिमागी बुखार से मासूम बच्चों की जान जाती थी, सड़कें जर्जर थीं और बिजली व्यवस्था चरमराई हुई थी। डबल इंजन सरकार बनने के बाद स्थिति बदली और आज क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल कॉलेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और अन्य शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना से युवाओं को नए अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इंसेफेलाइटिस जैसी बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण किया गया है और उत्तर प्रदेश का बीमारू राज्य का टैग समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार हर गरीब तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। गरीबों को आवास, शौचालय, राशन और आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा दी जा रही है। किसानों को सिंचाई, बीज और सरकारी खरीद केंद्रों का लाभ मिल रहा है तथा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अयोध्या में राममंदिर निर्माण और काशी विश्वनाथ धाम के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि ये ऐतिहासिक कार्य डबल इंजन सरकार में संभव हुए जबकि विपक्षी दल हमेशा इसमें बाधक बने रहे। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि भारत और नेपाल साझा सांस्कृतिक विरासत से जुड़े हैं और नौतनवा, फरेंदा तथा सोनौली जैसे क्षेत्रों का विकास सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। पश्चिम एशिया संकट का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई है, बावजूद इसके भारत सरकार कीमतों को नियंत्रित रखने का प्रयास कर रही है। उन्होंने जनता से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का पालन करते हुए बिजली और ईंधन की बचत करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने किसानों से यूरिया की खपत कम कर कंपोस्ट खाद और जैविक खेती को बढ़ावा देने की भी अपील की।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.