छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के लिए केंद्र जिम्मेदार : राहुल

नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को आरोप लगाया कि उन्हें सदन में छात्रों से जुड़े मुद्दे उठाने की अनुमति नहीं दी गई और ऐसा पहली बार नहीं हुआ है इससे पहले भी कई मौकों पर उन्हें बोलने से रोका गया है।
श्री गांधी ने यहां इंदिरा भवन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरोप लगाया कि छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं। उन्होंने कुछ छात्रों की तस्वीरें दिखाते हुए दावा किया कि इन छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों का मुद्दा उठाना नेता विपक्ष होने के नाते उनका अधिकार है और उन्होंने सदन में केवल जरूरी जनहित के मुद्दे उठाने का प्रयास किया। श्री गांधी ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ बर्बरता की गई, लाठियों में कील लगाकर हमला किया गया और निर्दोष छात्रों को निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि छात्रों ने कुछ भी गलत नहीं किया है और उन्हें आज नहीं तो कल न्याय जरूर मिलेगा। साथ ही उन्होंने पूरे मामले में जवाबदेही तय करने की मांग की।
श्री शाह पर सवाल उठाते हुए श्री गांधी ने कहा कि घटना के दौरान गृह मंत्री पुलिस अधिकारियों से लगातार बातचीत कर रहे थे और उन्हें मंत्रालय की ओर से लगातार जानकारी दी जा रही थी। उन्होंने सवाल किया कि यदि श्री शाह को पूरी जानकारी थी तो कार्रवाई क्यों नहीं रोकी गई, और यदि जानकारी नहीं थी तो यह भी गंभीर मामला है। श्री गांधी ने यह भी पूछा कि सादे कपड़ों में छात्रों की पिटाई करने वाले लोग कौन थे। श्री गांधी ने मांग की कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गृह मंत्री शाह का इस्तीफा लें तथा पूरे मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराई जाए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.