कांवड़ यात्रा को लेकर कुछ रास्तों पर लगाए प्रतिबंध
नई दिल्ली। दिल्ली यातायात पुलिस ने बुधवार को 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए पूर्वी दिल्ली में मार्ग परिवर्तन, प्रतिबंध और सड़कें बंद रखने की घोषणा की है।
पुलिस की ओर से जारी परामर्श के अनुसार सिटी बसों को छोड़कर भारी परिवहन वाहनों पर 29 जुलाई से 12 अगस्त तक प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा या उनके रास्ते बदले जाएंगे। इन मार्गों में जीटी रोड, वजीराबाद रोड, विकास मार्ग, आशा राम त्यागी मार्ग (मार्ग संख्या 66), पुस्ता रोड और लोनी रोड शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग.9 और राष्ट्रीय राजमार्ग.44 के रास्ते भेजा जाएगा। पुलिस ने यह भी बताया कि कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए जीटी रोड पर अप्सरा बॉर्डर से यमुना पुल के बीच का हिस्सा नौ अगस्त की सुबह सात बजे से 12 अगस्त की रात आठ बजे तक आम यातायात के लिए बंद रहेगा।
परामर्श में कहा गया है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कांवड़ियों और कांवड़ वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों द्वारा दिए गए निर्देशों व मार्ग परिवर्तन का पालन करें।
यात्रियों से आग्रह किया गया है कि वे नवीनतम जानकारी के लिए दिल्ली यातायात पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर नज़र रखें। वार्षिक यात्रा के दौरान गौमुख, गंगोत्री और हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर आने वाले लाखों कांवड़ यात्रियों के दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के गंतव्यों की ओर जाने के लिए दिल्ली से गुजरने की उम्मीद है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यात्रा के सुरक्षित और सुगम संचालन को सुनिश्चित करने के लिए यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
