कांवड़ यात्रा को लेकर प्रयागराज में सजे बाजार
भगवा परिधानों की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में श्रावण मास के प्रथम दिन गुरुवार से शुरू हो रही कांवड़ यात्रा को लेकर प्रयागराज के बाजार पूरी तरह सज गए हैं। कांवड़, पूजा सामग्री और भगवा परिधानों की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है। इस बार भगवान शिव की पारंपरिक तस्वीरों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, ऑपरेशन सिंदूर और बाबा बुलडोजर थीम वाली टी-शर्ट भी आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। शहर के दारागंज क्षेत्र में कांवड़ यात्रा से जुड़े सामानों की दुकानों पर विभिन्न डिजाइनों की कांवड़, भगवा वस्त्र, गमछे, हाफ पैंट और थ्री.डी प्रिंटेड टी.शर्ट की बिक्री तेज हो गई है। कांवड़िए अपनी पसंद के अनुसार धार्मिक संदेशों और आकर्षक डिजाइनों वाले परिधानों की खरीदारी कर रहे हैं।
व्यापारियों के अनुसार इस बार बाजार में उपलब्ध टी.शर्ट पर भगवान शिव, नंदी, ॐ नमः शिवाय और हर-हर बम-बम जैसे धार्मिक संदेशों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें भी छपी हैं। इसके अलावा ऑपरेशन सिंदूर तथा बाबा बुलडोजर थीम वाली टी-शर्ट की भी अच्छी मांग देखी जा रही है। बच्चों के लिए थ्री.डी प्रिंटेड विशेष डिजाइन वाली टी-शर्ट भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। दारागंज के व्यापारियों ने बताया कि इस बार दिल्ली और कोलकाता से विशेष थ्री.डी प्रिंटेड टी.शर्ट मंगाई गई हैं जिन्हें ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। उन्होंने बताया कि शुरुआती खेप लगभग पूरी तरह बिक चुकी है और बढ़ती मांग को देखते हुए नया ऑर्डर दिया गया है। व्यापारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के साथ टी-शर्ट, भगवा परिधान, गमछे और अन्य पूजन सामग्री की मांग में और तेजी आने की संभावना है। वहीं प्रशासन भी कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियों में जुटा है।
