कांग्रेस के 6 बागी विधायक बीजेपी में शामिल
नई दिल्ली। किसी ने सच ही कहा है दिन बदल जाते हैं, जज्वात बदल जाते हैं और वक्त के साथ खयालात बदल जाते है। शायद यही कारण है कि लोकसभा चुनाव से पहले नेता अपनी पार्टी से वफादारी भूल दूसरे दलों में शामिल हो रहे हैं। हिमाचल प्रदेश में सातवें और आखिरी चरण में चार सीट पर चुनाव होने हैं। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस से बगावत करने वाले छह बागी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना कुनबा बड़ा कर लिया है।
बताया जाता है कि दिल्ली के दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर स्थित भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय में छह पूर्व विधायकों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। कांग्रेस के बागी नेताओं की सदस्यता पहले ही विधानसभा की ओर से रद्द की जा चुकी है। दिल्ली में धर्मशाला से सुधीर शर्मा, सुजानपुर से राजिंदर राणा, लाहौल स्पीति से रवि ठाकुर, बड़सर से इंद्रदत्त लखनपाल, गगरेट से चैतन्य शर्मा और कुटलैहड़ से देवेंद्र कुमार भुट्टो बीजेपी में शामिल हो गए। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के साथ कई अन्य बड़े नेता भी मौजूद थे। भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए इन नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर अपनी आस्था जताई है।हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने दावा किया है कि देश में तीसरी बार नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनेंगे और इसके साथ ही हिमाचल में भी भाजपा की सरकार बन जाएगी।
