जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने के निर्देश
श्रीनगर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक वी के बिरदी ने अधिकारियों को घाटी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के लिये शहर के प्रवेश और निकास मार्गों के साथ-साथ संवेदनशील स्थानों पर और रात के समय सुरक्षा चौकियों को अत्यधिक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
कश्मीर में पुलिस नियंत्रण कक्ष में आयोजित एक सुरक्षा समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश जारी किये गये। यह बैठक समग्र सुरक्षा परिदृश्य का आकलन करने और स्वतंत्रता दिवस समारोह तथा संबंधित कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए बुलाई गई थी। बैठक में पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और खुफिया एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक में अधिकारियों ने श्री बिरदी को कश्मीर को आगामी कार्यक्रमों के सुचारु और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए स्थापित सुरक्षा व्यवस्था और तैनाती योजनाओं के बारे में जानकारी दी। श्री बिरदी ने इस दौरान सभी भाग लेने वाले अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर लें। बैठक के दौरान पुलिस महानिरीक्षक ने विभिन्न अधिकारियों को विशिष्ट ज़िम्मेदारियां सौंपते हुए उन्हें अपने कार्यों को सटीकता और पूरी योजना के साथ पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिये। कार्यक्रमों के निर्बाध संचालन के लिए प्रमुख रसद व्यवस्थाओं के संबंध में भी अतिरिक्त निर्देश दिए गए। श्री बिरदी ने प्रदेश अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे खासकर रात के समय संवेदनशील स्थानों और शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर स्थित सुरक्षा चौकियों को मजबूत करें। उन्होंने शांति और सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ी निगरानी की आवश्यकता पर भी बल दिया।
