नीलकंठ धाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के दौरान श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में प्रतिदिन उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ कर दी है। यात्रा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस बल के साथ बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) की टीमें भी पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात किए गए हैं। बीडीएस टीम द्वारा मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, पैदल यात्रा मार्गों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर नियमित रूप से एंटी.सबोटाज चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। आधुनिक सुरक्षा उपकरणों की मदद से हर संवेदनशील स्थल की गहन जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्प्रभावी बनाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए पुलिस एवं बीडीएस टीम आपसी समन्वय के साथ लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि यात्रा के दौरान कहीं कोई लावारिस बैग, संदिग्ध पैकेट, वाहन अथवा किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसे स्वयं छूने, खोलने या हटाने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी, कंट्रोल रूम या पुलिस हेल्प डेस्क को सूचना दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने कहा कि श्रद्धालुओं की सतर्कता और सहयोग से ही कांवड़ यात्रा को सुरक्षितए सुव्यवस्थित और सफल बनाया जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.