दीदी के पास बंगाल के विकास का एजेंडा नही : शाह
कोलकाता। बंगाल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रविवार को पूर्व बर्द्धमान जिले के पूर्वस्थली में रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी पर जमकर हमला बोला। शाह ने कहा कि ममता दीदी ने शासन का एक नया मॉडल शुरू किया है , बम, बंदूक और विस्फोटक। हम इसे बदलना चाहते हैं और विकास, विश्वास और उद्योग के शासन को लाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि हाल में दीदी का एक ऑडियो सामने आया है जिसमें वो कहती हैं कि कूचबिहार में जो चार लोग दुर्भाग्यपूर्ण घटना में मारे गए हैं उनके शव के साथ जुलूस निकालना है। शाह ने कहा कि दीदी, शर्म करो, मृत लोगों के साथ भी आप राजनीति कर रही हो। वहीं, घुसपैठ के मुद्दे पर भी शाह ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि घुसपैठिए बंगाल के लोगों व युवाओं के हक का रोजगार लेते हैं। बंगाल के गरीबों के हक का चावल व राशन ले जाते हैं। बंगाल में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ते हैं। घुसपैठ को रोकने का काम सिर्फ भाजपा कर सकती है और कोई नहीं कर सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि घुसपैठ से केवल भाजपा बचा सकती है।
श्री शाह ने कहा कि भारत में आमतौर पर एक प्रकार के नागरिक रहते हैं लेकिन बंगाल में तीन तरह के नागरिक हैं। 1. घुसपैठिए दीदी को बहुत पसंद है। 2. आम लोग, जैसे आप और मैं जिन्हें बंगाल में दूसरे दर्जे के नागरिकों की तरह माना जाता है। 3. मतुआ और नामशूद्र जैसे शरणार्थी जिन्हें लगभग 70 वर्षों से नागरिकता नहीं मिली है और वे सभ्य जीवन नहीं जी सकते हैं। उन्हें नागरिकता मिलनी चाहिए और भाजपा उन्हें प्रदान करेगी। शाह ने कहा कि दीदी के पास बंगाल के विकास के लिए कोई एजेंडा नहीं है। दीदी बंगाल में 12 मिनट भाषण करती हैं और 10 मिनट मोदी जी को और मुझे गालियां बोलती हैं, दो मिनट सुरक्षा बलों को कोसती हैं। बंगाल का युवा आज रोजगार के लिए बंगाल से बाहर जा रहा है। हमने तय किया है कि पांच साल के अंदर हर परिवार से एक व्यक्ति को रोजगार देने का काम भाजपा सरकार करेगी।
