झारखंड में 22 से 29 अप्रैल तक लॉकडाउन
रांची। झारखंड में 22 से 29 अप्रैल तक एक सप्ताह का संपूर्ण लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को इसका ऐलान करते हुए कहा कि लॉकडाउन गुरुवार सुबह छह बजे से प्रभावी होगा। इस दौरान सरकार ने कुछ छूटों का भी ऐलान किया है। बताया गया है कि राज्य में 22 अप्रैल से 29 अप्रैल तक एक हफ्ते तक लॉकडाउन प्रभावी रहेगा। 22 अप्रैल सुबह छह बजे से से 29 अप्रैल की सुबह छह बजे तक लॉकडाउन रहेगा।
झारखंड में कई रियायतों के साथ लॉकडाउन लगाया गया है। आवश्यक सेवाओॆं को छोड़कर सबकुछ बंद रहेगा। धार्मिक स्थल खुले रहेंगे लेकिन भीड़ नहीं होगी। खनन से जुड़े कार्य होते रहेंगे। बताया गया है कि इस लॉकडाउन के दौरान ग्रामीण विकास की सभी योजनाएं चलती रहेंगी, सभी प्रकार के निर्माण कार्य चलते रहेंगे, किराना दुकानें खुली रहेंगी और आवश्यक सेवाएं भी बहाल रहेंगी, होटल में बैठकर खाने की अनुमति नहीं लेकिन होटल से घरों तक होम डिलीवरी होगी, पूरे राज्य में 144 लागू, एक साथ पांच से अधिक आदमी दिखे तो कार्रवाई, पशु चारा के आवागमन पर भी रोक नहीं, पुलिस रोकेगी तो सड़क पर निकलने का कारण बताना होगा, सब्जी खरीदनी हो या सामान पहुंचाना हो तो कारण बताने के साथ परिचय पत्र दिखाना होगा, सब्जी बाजार और गल्ले की दुकानों पर अधिक भीड़ नहीं लगने दी जाएगी, फल-फूल सब्जियां बिकती रहेंगी, उद्योग और इससे संबंधित सहयोगी इकाइयों पर फिलहाल रोक नहीं, औद्योगिक क्षेत्रों में कामकाज सामान्य रूप से चलेगा, शारीरिक दूरी और सैनिटाइजेशन का प्रबंध उद्योग घराने करेंगे, गिफ्ट और कपड़ा की दुकानें, सिनेमा हॉल आदि बंद रहेंगे।
