जेल जाते ही भूख हड़ताल पर बैठे पप्पू यादव
पटना। पूर्व सांसद और जन अधिकार पार्टी के संरक्षक पप्पू यादव ने जेल में भूख हड़ताल कर दी है। पप्पू यादव को मंगलवार की देर रात पटना से मधेपुरा भेजे जाने के बाद सुपौल के वीरपुर जेल में शिफ्ट किया गया हैं।
बताया जाता है कि पप्पू यादव ने कुछ ही दिन पहले बीमारी के बाद ऑपरेशन करवा कर स्वस्थ हुए हैं। उन्होंने जेल जाने से पहले भी कोर्ट के समक्ष अपनी बीमारी का हवाला दिया था। पप्पू ने ट्वीट कर जानकारी दी और लिखा है कि वीरपुर जेल में मैं भूख हड़ताल पर हूं। न पानी है, न वाशरूम है, मेरे पांव का ऑपरेशन हुआ था नीचे बैठ नहीं सकता कोमोड भी नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना मरीज की सेवा करना, उनकी जान बचाना, दवा माफिया, हॉस्पिटल माफिया, ऑक्सीजन माफिया, एम्बुलेंस माफिया को बेनकाब करना ही उनका अपराध है तो उनकी यह लड़ाई जारी है।
विदित हो कि मंगलवार को जन अधिकार पार्टी के संरक्षक और पूर्व सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तारी के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पटना से हुई गिरफ्तारी के बाद पप्पू यादव के समर्थकों के भारी विरोध के बीच उन्हें मधेपुरा ले जाया गया। रात के लगभग 10.50 बजे 30 से अधिक गाड़ियों के काफिले के साथ पप्पू यादव को मधेपुरा कोर्ट लाया गया। रात 11 बजे मधेपुरा सिविल कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पप्पू की पेशी हुई। पेशी के दौरान उन्होंने कोर्ट के सामने अपनी बीमारी का भी हवाला देकर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की मांग की। पप्पू यादव की पेशी को लेकर बड़ी संख्या में जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गयी थी फिर भी सैकड़ों समर्थक रात के अंधेरे में जगह-जगह डटे दिखे। इंधर भूख हड़ताल की सूचना मिलते ही काफी संख्या में जाप नेता, कार्यकर्ता व उनके समर्थक जेल गेट पर पहुंच गए। उनके समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। समर्थकों की भीड देख वहां काफी संख्या में पुलिस बल वहां तैनात कर दिया है।
