हिमाचल में बारिश ने मचाई तबाही, 14 की मौत
पंजाब को जोड़ने वाला रेलवे पुल ढहा
कांगडा। हिमाचल में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। मंडी और चंबा जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। पिछले 24 घंटों में चंबा के भटियात में 3, मंडी में 10 और कांगड़ा के शाहपुर में मकान गिरने से 9 साल की बच्ची की मौत हो गई। चंबा और मंडी जिले में कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। हमीरपुर में 10 से 12 घर नदी में डूब गए। इनमें फंसे 19 लोगों को रेस्क्यू किया गया।
उधर कांगड़ा में भारी बारिश से चक्की नदी में बना पंजाब और हिमाचल को जोड़ने वाला रेलवे पुल बह गया। हालांकि इस पुल को एक हफ्ते पहले ही असुरक्षित घोषित कर दिया गया था और अगस्त के पहले हफ्ते में ही बंद कर दिया था। मंडी के गोहर में पहाड़ी धंसने से काशन पंचायत के जड़ोंन गांव में एक ही परिवार के 10 सदस्य इसकी चपेट में आ गए। एक महिला व 2 बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि 7 लोग अभी भी मलबे में दबे हुए। पूरा परिवार रात को घर पर सो रहा था। इस दौरान अचानक घर के पीछे का पहाड़ धंस गया।मंडी के कटौला के बागी नाला में बाढ़ में एक गाड़ी और इसमें सवार छह लोग बह गए। 15 साल की लड़की का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। उधर, चंबा जिला में चुवाड़ी के बनेट गांव में भूस्खलन के बाद तीन लोग लापता हो गए। राज्य के कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहां से अभी सूचना नहीं मिल पा रही है। इससे जानमाल का नुकसान और बढ़ने का अनुमान है।
हिमाचल में बीते 24 घंटे के दौरान कांगड़ा जिला में सबसे ज्यादा 346.6 मिलीमीटर बारिश हुई। मंडी में 119.6 मिमी, डलहौजी में 111 मिमी. पालमपुर में 113 मिमी सुंदरनगर में 77.7 मिमी, धर्मशाला में 333 मिमी. बरठीं में 60, शिमला में 57.7 मिमी और कुफरी में 69 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
