भाजपा ने मुकुल, राहुल, कल्याण समेत 148 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने अपने 148 उम्मीदवारों की घोषणा गुरुवार 18 मार्च को कर दी। भाजपा ने पांचवें चरण के 42, छठे चरण के 38, सातवें एवं आठवें चरण के लिए 34_34 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसके साथ ही चौथे चरण के शेष 9 प्रत्याशियों की लिस्ट भी जारी की गयी।
इससे पहले रामानंद सागर के लोकप्रिय धारावाहिक ‘रामायण‘ में भगवान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोयल ने भाजपा की सदस्यता ली।भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं केंद्रीय कार्यालय प्रभारी अरुण सिंह एवं बंगाल से भाजपा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री देवश्री चौधरी ने अरुण गोविल को पार्टी की सदस्यता दिलायी। भाजपा ने आज जिन उम्मीदवारों की घोषणा की उनमें मुकुल रॉय, राहुल सिन्हा, शमिक भट्टाचार्य और कल्याण चौबे जैसे दिग्गज लोग शामिल हैं। पार्टी के उम्मीदवारों में डॉक्टर, वकील, प्रोफेसर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, लोक गायक, सांसद और विधायक शामिल हैं।
भाजपा ने मुकुल राय को कृष्णनगर उत्तर से, बंगाल प्रदेश के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा हावड़ा से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी के प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य राजारहाट से चुनाव लड़ेंगे। प्रसिद्ध फुटबॉलर कल्याण चौबे के अलावा लोक संगीत गायक असीम सरकार को भाजपा ने टिकट दिया है। बंगाल भाजपा की सीनियर नेता देवश्री चौधरी ने इस अवसर पर कहा कि समाज के हर वर्ग के लोगों को चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है। असली परिवर्तन का लक्ष्य लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोग बंगाल में परिवर्तन करना चाहते हैं। भाजपा को उम्मीद है कि इस बार पार्टी 200 से अधिक सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनायेगी।
