लालू की जमानत याचिका पर सुनवाई टली


पटना। चारा घोटाला के दुमका कोषागार मामले में सजा के सिलसिले में झारखंड के रांची हाईकोर्ट में शुक्रवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की जमानत अर्जी पर अहम सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की अदालत ने मामले में अगली तारीख दे दी। अब इसकी सुनवाई 16 अप्रैल को होगी।
शुक्रवार को सुनवाई के दौरान जमानत का विरोध करते हुए सीबीआइ ने रांची हाईकोर्ट से एक सप्‍ताह का समय मांगा लेकिन कोर्ट ने जवाब दाखिल करने के लिए उसे तीन दिनों का समय दिया। साथ ही मामले की अगली सुनवाई की तारीख 16 अप्रैल निर्धारित कर दी। विदित हो कि बीते 19 फरवरी को रांची हाईकोर्ट में लालू प्रसाद यादव की जमानत याचिका पर बहस करते हुए कांग्रेस नेता और सुप्रीम कोर्ट के वकील कपिल सिब्‍बल ने दो माह बाद की तारीख देने का आग्रह किया था जिसपर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने जमानत नहीं दी थी।                  सीबीआइ ने उनकी जमानत का इस आधार पर विरोध किया था कि दुमका कोषागार मामले में लालू की आधी सजा पूरी होने में करीब एक माह 19 दिन शेष हैं। इसके बाद अब लालू जमानत याचिका में नौ अप्रैल को आधी सजा पूरी हो जाने की दलील देते हुए फिर जमानत मांगी गई है। जमानत याचिका में लालू की उम्र व गंभीर बीमारियों का भी हवाला दिया गया है। फिलहाल सजा के दौरान लालू का इलाज दिल्‍ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्‍थान में चल रहा है।
विदित हो कि लालू प्रसाद यादव चारा घोटाला के चार मामलों में सजायाफ्ता हैं जिनमें तीन में उन्‍हें आधी सजा काट लेने के आधार पर जमानत मिल चुकी है। दुमका कोषागार मामले में भी लालू ने यही दलील दी है। इससे पहले बीते 19 फरवरी को हाईकोर्ट ने जमानत देने से इनकार कर दिया था। चारा घोटाला का एक और डोरांडा कोषागार का मामला फिलहाल सुनवाई के स्‍टेज में है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.