भूपेंद्र पटेल बने गुजरात के नए मुख्यमंत्री
अहमदाबाद। सोमवार को गुजरात के 17वें मुख्यमंत्री के रूप में भूपेंद्र रजनीकांत पटेल ने शपथ ली। उनके मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण संभवत: बुधवार को आयोजित होगा जिसमें 15 से 18 मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। राज भवन में शपथग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, गोवा के सीएम प्रमोद सावंत समेत बीजेपी शासित राज्यों के सीएम भी मौजूद थे।
गुजरात के सीएम पद की शपथ लेने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूपेंद्र पटेल को बधाई दी। पीएम ने ट्वीट किया कि मैं उन्हें वर्षों से जानता हूं और मैंने उनका अनुकरणीय कार्य देखा है, चाहे वह भाजपा संगठन में हो या नागरिक प्रशासन और सामुदायिक सेवा में। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद गुजरात के नए सीएम भूपेंद्र पटेल को बधाई दी।
बताया जाता है कि गुजरात के मनोनीत मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने आज शपथ ग्रहण समारोह से पहले अहमदाबाद में भाजपा नेता नितिन पटेल से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इससे पहले भूपेंद्र पटेल गांधीनगर में मुख्यमंत्री आवास पर विजय रूपाणी से मुलाकात करने गए थे।विदित हो कि शनिवार को विजय रुपाणी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के शीर्ष पद से इस्तीफा दे दिया था इसके बाद गुजरात भाजपा विधायक दल की बैठक में रविवार को सर्वसम्मति से भाजपा नेता भूपेंद्र पटेल के नाम का चयन मुख्यमंत्री पद के लिए किया गया था।
भूपेंद्र पटेल ने 2017 के विधानसभा चुनाव में अहमदाबाद जिले की घाटलोडिया सीट से रिकॉर्ड 1.17 लाख वोट से जीत दर्ज की थी। उन्हें 1.75 लाख से ज्यादा वोट मिले थे। उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के शशिकांत पटेल को 57,902 वोट ही मिले थे। गुजरात की मुख्यमंत्री रहीं आनंदीबेन पटेल ने 2017 का विधानसभा चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। इसके बाद उनके कहने पर ही घाटलोडिया सीट से भूपेंद्र पटेल को टिकट दिया गया था। भूपेंद्र अहमदाबाद अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी के अध्यक्ष और अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन भी रहे हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री बनने वाले भूपेंद्र पटेल पांचवें पाटीदार हैं जबकि कड़वा पाटीदार समुदाय के पहले मुख्यमंत्री हैं। सूत्र बताते हैं कि गुजरात में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में भाजपा ने पाटीदार वोट बैंक को साधने के लिए एक बार फिर पाटीदार चेहरे को सामने किया है।
