सचिन वाजे को लेकर सियासी सरगर्मी तेज

खतरे में अनिल देशमुख की कुर्सी


नई दिल्ली। उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर मिली विस्फोटक भरी गाड़ी के बाद बर्खास्त मुंबई पुलिस के सहायक सब इंस्पेक्टर सचिन वाजे पर महाराष्ट्र से लेकर दिल्ली तक सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। आलम यह कि महाराष्ट्र के गृहमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी  के नेता अनिल देशमुख ने शुक्रवार को दिल्ली में पार्टी सुप्रीमो शरद पवार से मुलाकात की। खबर यह भी है कि महाराष्ट्र के गृहमंत्री ने शरद पवार को सचिन वाजे से संबंधित मामले का पूरा अपडेट दिया है।

सूत्रों के हवाले से मीडिया में आ रही खबर के अनुसार मुकेश अंबानी के घर के बार विस्फोटक मामले को देशमुख ने जिस तरीके से संभाला है उससे शरद पवार काफी नाराज हैं। ऐसे में अनिल देशमुख को गृह मंत्री के पद से हटाया जा सकता है। शरद पवार से मुलाकात के बाद अनिल देशमुख ने कहा कि अंबानी विस्फोटक मामले की जांच एनआईए और एटीएस कर रही है। राज्य सरकार जांच में पूरा सहयोग करेगी। इस मामले में जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी। जब देशमुख से अंबानी मामले में शरद पवार की नाराजगी के बारे में पूछा तो वो बात को टाल गए। सूत्रों से जानकारी के अनुसार एनसीपी नेता अनिल देशमुख पर काफी दबाव है। शिवसेना मुंबई पुलिस के कमिश्नर परमबीर सिंह को हटाने के साथ ही गृह मंत्री को हटाने की भी मांग कर रही है ताकि अंबानी विस्फोटक मामले के लिए केवल शिवसेना को ही जिम्मेदार न समझा जाए। उधर सचिन वाजे को राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनएआई ने हिरासत में ले रखा है और अब महाराष्ट्र पुलिस की एटीएस भी मनसुख केस में वाजे की कस्टडी की मांग के लिए ठाणे कोर्ट पहुंची है। मनसुख केस में एटीएस अब तक मुंबई पुलिस के करीब 25 अधिकारियों से पूछताछ कर चुकी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.