भागलपुर में गंगा का जलस्तर बढ़ा, अलर्ट मोड में प्रशासन
तटबंध किनारे की बसे लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील
पटना। बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र के राघोपुर गंगा इलाके में गंगा का जलस्तर बढ़ने और तटबंध की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तटबंध किनारे बनी झोपड़ियों में बसे लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की अपील की है।
प्रशासन का कहना है कि राघोपुर गंगा क्षेत्र में प्रभावित लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्थानीय प्रशासन की टीम लगातार हालात पर नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही है। गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ ही टूटे तटबंध के आसपास रहने वाले लोगों के लिए खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर तटबंध किनारे स्थित असुरक्षित झोपड़ियों को खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अनुमंडल स्तर पर अंचलाधिकारी और अन्य अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेने और रेड जोन के रूप में चिह्नित इलाकों से समय रहते निकलने को कहा है। अधिकारियों के मुताबिक, संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए लोगों को हरसंभव सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने खास तौर पर उन लोगों से अपील की है जिनके इलाके रेड जोन के रूप में चिह्नित हैं या जहां कटाव की स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लोग किसी भी तरह का जोखिम न लें और जल्द सुरक्षित स्थानों की ओर चले जाएं।
