लुकबारी में गई तीन बच्चों की जान


गया। गया के बोधगया में होलिका दहन के दौरान आग की चपेट में आने से तीन बच्‍चों की जान चली गई जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है।
बताया जाता है कि बोधगया थाना क्षेत्र स्थित मनकोसी गांव के राहुल नगर टोला में रविवार की रात होलिका दहन के बाद चार नाबालिग बच्चे होलिका दहन के बाद लुकबारी (जलती लकड़ी) लेकर गांव के सामने वाले पहाड़ी पर काफी आगे चले गए। इसी बीच किसी बच्चे ने पहाड़ी पर झाड़ीनुमा सिरकी में आग फेंक दिया जिसके चलते पूरी झाड़ी जलने लगी। ऊपर पहाड़ी के तरफ गये चारों बच्चों ने लपटों के बीच से निकलकर भागने की कोशिश की, लेकिन बीच में ही फंस गए। उनमें से अधिक झुलसे तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में कलेश्वर मांझी के 12 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार,  बाबूलाल मांझी के 13 वर्षीय पुत्र नंदलाल मांझी व पिंटू मांझी के 12 वर्षीय उपेन्द्र कुमार शामिल हैं। वहीं मोराटाल पंचायत की उपमुखिया गीता देवी का 12 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार जख्मी हालत में है जिसका इलाज चल रहा है।

घटना के बाद सोमवार को स्‍वजनों ने तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार भी कर दिया। बोधगया के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मितेश कुमार ने मामले की पुष्टि की है। हालांकि उन्‍होंने यह भी बताया है कि किसी भी स्‍वजन ने किसी के खिलाफ थाने में एफआइआर दर्ज नहीं कराई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.