कोरोना की चेन तोड़ने को सेना की लें मदद : पप्पू यादव

पटना। मंगलवार को पूर्व सांसद पप्पू यादव बिहटा के अमहरा स्थित एनएसएमसीएच अस्पताल एवं ईएसआइसी अस्पताल में बने कोविड वार्ड का जायजा लेने पंहुचे। अस्पताल का जायजा लेने के दौरान उन्होंने कोरोना वार्ड, इलाज, भोजन, दवा आदि की सुविधा का मुआयना किया और संक्रमितों के स्वजनों से मिलकर उनकी बातें सुनीं।
उन्होंने अस्पताल में देखा कि कोई ऑक्सीजन के लिए दौड रहा है तो कोई रेमडेसिविर के लिए। कोई अपने स्वजनों को कोरोना अस्पताल में भर्ती के लिए दौड रहा है। हालात का जाएजा लेने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि सरकार अगर बिहार में कोरोना के चेन को तोड़ना चाहती है तो सरकार को चाहिए कि वह सभी कोविड अस्पतालों को सेना के हवाले कर दे। जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि राज्य में ऑक्सीजन और रेमडेसिविर इंजेक्शन की भारी कमी है। चारों तरफ त्राहिमाम एवं हाहाकार मची है। इस वैश्विक महामारी में कुछ लोग नि:स्वार्थ भाव से लोगों की मदद कर पुण्य का काम रहे हैं। कोई जरूरतमंदों को खाना दे रहा है। एक तरफ ऑक्सीजन और बेड के लिए मारामारी हो रही है। वहीं दूसरी तरफ बिहटा के ईएसआईसी अस्पताल में 500 बेड पर लगा ऑक्सीजन एवं 150 बेड पर वेंटीलेटर बेकार पड़ा है। इससे सरकार की मंशा स्पष्ठ झलक रही है कि वह क्या चाहती है। इस मौके पर जन अधिकार पार्टी के युवा प्रदेश महासचिव सह प्रवक्ता रजनीश तिवारी, प्रदेश सचिव बेसलाल कुमार, कुंदन कुमार पाल, प्रवीण कुमार, दशरथ कुमार समेत कई नेता मौजूद थे।
