आज जमींदोज हो जाएंगे ट्विन टावर
नोएडा। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर सेक्टर 93ए स्थित सुपरटेक एमराल्ड कोर्ट के ट्विन टावर रविवार दोपहर 2.30 बजे जमींदोज हो जाएंगे। मुंबई की कंपनी एडिफिस इंजीनियरिंग और दक्षिण अफ्रीकी सहयोगी जेट डिमोलिशन ने शनिवार तक टावरों के ध्वस्तीकरण की पूरी तैयारी कर ली। 32 मंजिला एपेक्स (100 मीटर) व 29 मंजिला सियान (97 मीटर) टावर में 3700 किलोग्राम विस्फोटक लगाकर तारों से जोड़ दिया गया है। मुख्य तार को फाइनल बटन से जोड़ने के बाद ब्लास्टर टीम ध्वस्तीकरण को अंजाम देगी। 9 से 12 सेकंड में ट्विन टावर मलबे के ढेर में तब्दील हो जाएंगे। एहतियात के तौर पर आसपास की सड़कों को दिनभर बंद रखा जाएगा। पूरे इलाके को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया
एडिफिस इंजीनियरिंग और जेट डिमोलिशन की टीम ने शनिवार को टावरों में लगे विस्फोटकों व तारों के एक-एक प्वाइंट को परखा ताकि कहीं कोई चूक न हो जाए। जांच का यह सिलसिला रविवार दोपहर 12 बजे तक चलेगा। इसके बाद दोनों टावरों को तारों से जोड़ने के बाद मुख्य तार को करीब 100 मीटर दूर ले जाया जाएगा। तारों को यहां फाइनल ट्रिगर बटन से जोड़ा जाएगा। टीम के एक सदस्य ने बताया, इस बटन को मैनुअली चार्ज किया जाएगा। चार्ज होने पर मशीन का लाल बटन जल उठेगा। यह संकेत होगा कि सब कुछ तैयार है। फिर हरे रंग का बटन को दबाते ही चंद सेकंड में जुड़वां इमारत मलबे के ढेर में तब्दील हो जाएगी।
एमराल्ड कोर्ट और एटीएस विलेज के 1,396 फ्लैटों में रह रहे करीब 7000 लोगों में से 90 प्रतिशत ने शनिवार शाम घर खाली कर कहीं और चले गए। बाकी लोग रविवार सुबह सात बजे तक सोसाइटी खाली कर देंगे। ब्लास्ट साइट के आस.पास के 500 मीटर इलाके को निषेध क्षेत्र घोषित किया गया है। यहां केवल छह लोग ब्लास्ट साइट से 100 मीटर की दूरी पर रहेंगे। इनमें तीन दक्षिण अफ्रीकी ब्रिंकमैन, मार्टिंस, केविन स्मिथ शामिल हैं। इनके अलावा साइट इंचार्ज मयूर मेहता, इंडियन ब्लास्टर चेतन दत्ता और एक पुलिस अधिकारी वहां होंगे। ब्लास्ट साइट की पांच सड़कें सुबह सात बजे से पूरे दिन के लिए बंद रहेंगी जबकि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस.वे को दोपहर 2 से 3 बजे तक बंद किया जाएगा। इसके अलावा ट्विन टावर के आसपास के एरिया को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।
