पीएम मोदी के जन्मदिन पर रेल यात्रियों को मुंह मीठा करवाया

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया गया। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बर्दवान जिला के पानागढ़ रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों के यात्रियों को हलवा पार्टी दी। प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर भाजपा के कांकसा-2 मंडल के युवा मोर्चा की ओर से ट्रेन यात्रियों के बीच हलवा का वितरण किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72वें जन्मदिन पर बर्दवान सदर जिला भाजपा के उपाध्यक्ष रमन शर्मा, कांकसा मंडल-2 के युवा मोर्चा के अध्यक्ष पंकज जायसवाल समेत अन्य भाजपा नेता और भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता भी यात्रियों को हलवा बांटते नजर आए। पंकज जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज जन्मदिन है इसलिए युवा मोर्चा की ओर से हमलोगों ने पानागढ़ रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के यात्रियों, प्लेटफॉर्म पर ट्रेन पकड़ने के लिए आने वाले यात्रियों के साथ-साथ आम लोगों को भी हलवा खिलाकर उनका मुंह मीठा करवाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि सुबह से ही यह कार्यक्रम रेलवे स्टेशन पर जारी रहा। भाजपा नेता रमन शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सनातन संस्कृति का वाहक, आधुनिक भारत को नया रूप देने वाला, सेवा और जनहित को हमेशा सर्वोपरि रखने वाले सच्चे कर्मयोगी, देश के सफल प्रधान सेवक, विश्व नेता बताया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.