नितिन गडकरी ने किया नामांकन दाखिल

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव को लेकर नागपुर से बीजेपी प्रत्याशी नितिन गडकरी ने भी अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शहर में एक रोड शो निकाला जिसमें भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटी। नामांकन में गडकरी के साथ प्रदेश के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष चन्द्रशेखर बावनकुले, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता प्रफुल्ल पटेल मौजूद थे। नामांकन दाखिल करने के बाद  गडकरी ने कहा कि लोगों के आशीर्वाद से एक बार फिर केंद्र में एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री फडणवीस और अजित पवार के नेतृत्व में महाराष्ट्र में बड़े पैमाने पर विकास होगा। गडकरी ने कहा कि हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व गुरु बनाना है और इसे एक खुशहाल एवं समृद्ध राष्ट्र में बदलना है।
वहीं चुनावी बॉन्ड को लेकर गडकरी ने कहा है कि अब इसमें पूरी पारदर्शिता है। उन्होंने कहा कि पैसा पारदर्शिता से आना चाहिए और इसी को ध्यान में रखते हुए चुनावी बॉन्ड बनाया गया है। गडकरी ने कहा कि मामला सुप्रीम कोर्ट में है। गौरतलब है कि बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव आयोग ने चुनावी बॉन्ड से संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक किया थाए जिससे पता चला की किस दल को कितना चुनावी चंदा मिला है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.