बरेली में झुमका नहीं,  भाजपा का अहंकार गिरायगी जनता : अखिलेश

बरेली। बरेली लोकसभा सीट पर समाजवादी पार्टी ने पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर चुनाव प्रचार करने के लिए समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 हमारे और आपके भविष्य के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों का भविष्य का भी चुनाव है। ये चुनाव संविधान को बचाने का चुनाव है। कभी समुद्र मंथन हुआ था, इस बार चुनाव में मंथन की जरूरत है।
बरेली के झुमके और सुरमे का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बॉलीवुड फिल्मों का एक गाना है जो बहुत चर्चित है। बरेली  के बाजार में झुमका गिरा रे। उन्होंने कहा कि इस बार बरेली में झुमका नहीं भारतीय जनता पार्टी का अहंकार यहां की जनता गिरा देगी। उन्होंने कहा कि बरेली वालों इस बार बरेली का सुरमा लगाकर भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देना। अखिलेश यादव ने इस दौरान कहा कि तीसरे चऱण के लिए मतदान होने जा रहा है। इस चरण में बरेली से लेकर मैनपुरी तक चुनाव हो रहा है। इस चरण में इंडी गठबंधन सबसे ज्यादा सीटें जीत रही है। उन्होंने कहा कि हम 100 फीसदी सीटें जीत रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि बरेली की जनता ने इस बार मन बना लिया है। भाजपा का अहंकार जो आसमान छू रहा है उसे गिराने का काम बरेली की जनता करेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री धर्म की बात करते हैं लेकिन उन्हें सबसे पहले बात करनी चाहिए कि 60 लाख बच्चों के भविष्य को सरकार ने बर्बाद कर दिया। नौजवानों का एक तिहाई जीवन बर्बाद कर दिया। नौकरियां राज्य में हैं नहीं, रोजगारा नहीं और भाजपा चाहती है लोगों का ध्यान हटाना लेकिन हम ध्यान को हटने नहीं देंगे। अखिलेश यादव ने इस दौरान जनसभा में आए सभी नेताओं, जनता और मीडिया को आभार भी व्यक्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.